नई दिल्ली। Happy Birthday Lata Mangeshkar: सुर कोकिला के नाम से फेमस लता मंगेशकर आज यानि 28 सितंबर को अपना 91वां जन्मदिन मना रही हैं। सुरों से दुनिया का दिल जीतने वाली लता के जीवन में कई ऐसे सवाल हैं, जिनका जवाब फैंस जनाना चाहते हैं। ऐसा ही एक सवाल है कि उन्होंने आखिर शादी क्यों नहीं की? जन्मदिन के मौके पर आइए जानते हैं कुछ ऐसी ही दिलचस्प सवालों के जवाब..
लता ने अपना पहला गाना कब गाया?
लता मंगेशकर का जन्म 1929 में मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ। उनके पिता दीनानाथ मंगेशकर मराठी और मां शेवनती गुजराती थीं। घर में बचपन से संगीत का माहौल था। उनके पिता मराठी संगीतकार थे। हालांकि, साल 1942 में जब लता 13 साल की थीं, तभी पिता का साया हट गया। पिता के मृत्यु के बाद मास्टर विनायक ने लता के करियर को संभाला। उनके जरिए ही लता को किति हासिल (1942) में पहला फ़िल्मी गाना गाने का मौका मिला। हालांकि, यह गाना फ़िल्म से हटा दिया गया। साल 1942 में एक और मराठी फ़िल्म पहिलि मंगाला गौर में लता को रोल के साथ गाने का मौका मिला। वहीं, हिंदी गाने की बात करें, तो लता मंगेशकर ने एक साल बाद 1943 में फ़िल्म गजाभाऊ में 'माता एक सपूत की दुनिया बदल दे' गाया।
अब तक कितनी फ़िल्मों के लिए गाने गाए?
साल 1945 में लता मंगेशकर ने मुंबई का रुख़ किया। उन्होंने यहां अपनी एक अलग पहचान बनाई। लगभग सभी फेमस म्यूज़िक डायरेक्टर्स के साथ गाना गाया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लता मंगेशकर अब तक एक हजार से अधिक फ़िल्मों के लिए गाने गाए हैं। वहीं, उन्होंने करीब 36 भाषाओं में गाना गाया है।
क्यों नहीं की शादी?
इसको लेकर कई प्रकार सवाल-जवाब होते रहते हैं। हालांकि, बताया जाता है कि पिता के मृत्यु के बाद लता के कंधों पर छोटे भाई-बहनों को संभालने की जिम्मेदारी आ गई। इसलिए उन्होंने आजवीन शादी नहीं की। इस सवाल में लता और उनकी बहन आशा भोंसले के बीच प्रतिस्पर्धा का सवाल भी आता हैं। लेकिन आज भी दोनों के रिश्ते काफी मजबूत हैं।
मोहम्मद रफी से क्यों हुआ विवाद?
लता मंगेशकर उन कलाकरों में से हैं, जो अक्सर विवादों से दूर रहती हैं। लेकिन कई दशक पहले उनके और रफी के बीच विवाद हुआ था। लता मंगेशकर ने प्रस्ताव रखा था कि म्यूज़िक कंपनियों को रेकॉर्ड बिक्री में से कुछ पैसा गायकों देना चाहिए। रॉयल्टी के इस मुद्दे पर रफी उनसे अलग राय रखते थे। इसके विवाद की वजह से दोनों ने लंबे समय तक साथ गाना नहीं गाया। हालांकि, साल 1967 में दोनों के रिश्ते सामान्य हो गए।
क्यों खाती हैं मिर्ची?
लता मंगेशकर को लेकर एक बात काफी फेमस हैं कि वह मिर्ची खूब खाती हैं। एक समय था, जब वह एक दिन में करीब 12 मिर्ची खा जाती थीं। ऐसा वह अपनी आवाज़ में उतार-चढ़ाव को बरकारर रखने के लिए किया करती हैं। वह मांसपेशियों में लचीले पन के लिए च्यूइंगम भी खाती हैं।