अनूपपुर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), भारत सरकार प्रह्लाद सिंह पटेल ने अमरकंटक में मां नर्मदा उद्गम मंदिर में मां नर्मदा का दर्शन एवं पूजन अर्चना की। मां नर्मदा से प्रदेश की सुख समृद्धि एवं ख़ुशहाली के लिए प्रार्थना की है। इस दौरान बिसाहूलाल सिंह खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री, उषा बाबू सिंह ठाकुर, पर्यटन, संस्कृति एवं आध्यात्म मंत्री, मीना सिंह, आदिम जाति कल्याण एवं जनजातीय कार्य विभाग मंत्री, हिमाद्रि सिंह, सांसद, शहडोल संसदीय क्षेत्र सहित अन्य द्वारा भी मां का दर्शन कर प्रदेश के समस्त निवासियों के विकास के लिए प्रार्थना की।
सिर्फ नर्मदा मैया की होगी पूजा
अमरकंटक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फूल - माला से स्वागत को अस्वीकार किया। उन्होंने कहा कि अमरकंटक में सिर्फ नर्मदा मैया की ही पूजा होगी। किसी का स्वागत माला-पुष्प गुच्छ से नहीं होगा। वहीं सांसद ने पुष्पराजगढ़ में फुटबॉल अकेडमी, महाविद्यलय, परसवार में पुल, धार्मिक स्थलों की संरक्षण की मांग मुख्यमंत्री से की।
विकास कार्यों की दी सौग़ात
अमरकंटक क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने 80 करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौग़ात दी । प्रसाद योजनांतर्गत 49.98 करोड़ लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। वहीं मिनी स्मार्ट सिटी योजना के तहत 8 करोड़ लागत के कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कन्या पूजन एवं अमरकंटक क्षेत्र के साधु संत को शाल श्रीफल प्रदान कर सम्मानित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने नर्मदा के किनारे पक्के निर्माण और नर्मदा में मिल रहे गंदगी पर चिंता जताई। उन्होंने नर्मदा परिक्रमा वासियों की व्यवस्था पर कार्य करने जोर दिया। साथ ही नर्मदा प्रसाद योजना के तहत परियोजनाओं के लिए मांगी गई राशि पूरा आवंटन का आश्वसन दिया।